Government Employees DA Hike: महंगाई भत्ता बढ़ोतरी को लेकर देशभर के केंद्रीय कर्मचारी के लिए बना हुआ है लेकिन किसी बीच मध्य प्रदेश सरकार ने होली से ठीक पहले राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इसके बाद डीए बढ़कर 58 प्रतिशत हो जाएगा। यह फैसला लाखों शासकीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों से जुड़ा है, इसलिए इसे बड़ी राहत माना जा रहा है। सरकार ने बकाया भुगतान और आगे की किस्तों को लेकर भी साफ जानकारी दी है।
कर्मचारियों को कितना मिलेगा फायदा
राज्य सरकार के अनुसार सभी शासकीय कर्मचारियों को अप्रैल 2026 के वेतन में 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जाएगा, जिसका भुगतान मई में होगा। इससे पहले DA कम दर पर मिल रहा था, लेकिन अब 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी के बाद यह केंद्र सरकार के बराबर हो जाएगा। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि जुलाई 2025 से मार्च 2026 तक जो बकाया बनता है, उसका भुगतान मई 2026 से छह बराबर किस्तों में किया जाएगा। इससे कर्मचारियों को एक साथ बोझ नहीं पड़ेगा और धीरे-धीरे पूरा पैसा मिल जाएगा।
पेंशनभोगियों को भी मिलेगा लाभ
सरकार ने साफ किया है कि सिर्फ कर्मचारी शिक्षकों को ही नहीं, पेंशन पाने वालों को भी इसका फायदा मिलेगा। जनवरी से फरवरी 2026 की अवधि के लिए 58 प्रतिशत महंगाई राहत उनकी पेंशन में जोड़ी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार समाज के सभी वर्गों के हित में काम कर रही है। किसान कल्याण वर्ष के तहत बड़वानी में हुई मंत्रिमंडल बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। इसी दौरान यह निर्णय भी लिया गया। साथ ही प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं भी दी गईं।
12वां वेतन आयोग और लंबित भुगतान
राज्य बजट में 12वें वेतन संशोधन आयोग की घोषणा भी की गई है। सरकार को उम्मीद है कि आयोग तीन महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट दे देगा, ताकि आगे की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके। बजट में यह भी कहा गया है कि कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के सभी लंबित DA और DR का भुगतान कर दिया जाएगा। एक किस्त फरवरी के वेतन के साथ और बाकी रकम मार्च के वेतन के साथ दी जाएगी। वहीं, पश्चिम बंगाल के सरकारी कर्मचारियों के डीए में भी बढ़ोतरी की खबर सामने आई है।
दूसरे राज्यों में भी बढ़ा डीए
बता दें कि महाराष्ट्र सरकार ने भी अपने कर्मचारियों और अन्य पात्र कर्मियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। इसके बाद वहां भी डीए 58 प्रतिशत हो जाएगा। वित्त राज्य मंत्री आशीष जायसवाल ने विधानसभा में बताया कि यह वृद्धि जुलाई 2025 से लागू मानी जाएगी। संशोधित डीए का भुगतान इसी महीने से नकद में शुरू होगा। जुलाई 2025 से अक्टूबर 2025 तक का बकाया मार्च 2026 में गुड़ी पड़वा के मौके पर दिया जाएगा, जबकि नवंबर 2025 से जनवरी 2026 तक के बकाया को लेकर अलग से आदेश जारी किए जाएंगे।
केंद्रीय कर्मचारियों को DA बढ़ोत्तरी का इंतजार
राज्य कर्मचारियों के लिए डीए बढ़ोतरी के ऐलान के बाद अब केंद्रीय कर्मचारियों को भी महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का इंतजार है। होली के बाद मार्च महीने में उन्हें बड़ी खुशखबरी मिल सकती है। चर्चा है कि केंद्र सरकार मार्च में ही महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की घोषणा कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो लाखों केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को सीधा फायदा मिलेगा। फिलहाल आधिकारिक ऐलान का इंतजार है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि सरकार जल्द ही इसका ऐलान कर सकती है दिसंबर और जनवरी के आंकड़े भी जारी किए जा चुके हैं आंकड़ों के अनुसार केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में न्यूनतम 2% की बढ़ोतरी का अनुमान है। जो की 1 जनवरी 2026 से लागू माना जाएगा।







