यूपी के शिक्षामित्र और अनुदेशकों का बढ़ा मानदेय, सीएम ने की घोषणा इसी महीने से लागू UP Shiksha Mitra Salary Hike 2026

By
On:
Follow Us

UP Shiksha Mitra Salary Hike 2026 : यूपी के 1 लाख 94 हजार से ज्यादा शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को के लिए अच्छी खबर है इन्हें इसी महीने यानी की 1 अप्रैल 2026 से बड़ा हुआ मानदेय दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश के लाखों शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के लिए एक बहुत बड़ी और राहत देने वाली खबर आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज 4 अप्रैल 2026 को वाराणसी दौरे के दौरान मंच से साफ ऐलान कर दिया कि प्रदेश के 1 लाख 70 हजार शिक्षामित्रों को अब ₹18,000 और 24 हजार अनुदेशकों को ₹17,000 प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। सबसे जरूरी बात यह है कि यह बढ़ा हुआ मानदेय इसी अप्रैल महीने यानी 1 अप्रैल 2026 से लागू माना जाएगा और इसी महीने की सैलरी में यह बढ़ोतरी दिखेगी। यूपी सरकार ने शिक्षामित्रों और अनुदेशकों — दोनों के मानदेय में ₹8,000-₹8,000 की बढ़ोतरी की है। गौरतलब है कि यह बढ़ोतरी पहले ही घोषित की जा चुकी थी, लेकिन आज CM योगी ने खुद मंच से यह पक्का किया कि पैसा इसी महीने खाते में आएगा। यह खबर उन सभी शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के लिए बहुत मायने रखती है जो पिछले नौ साल से मानदेय बढ़ने का इंतजार कर रहे थे।

नौ साल बाद बढ़ेगा मानदेय

बता दें कि वर्ष 2017 में सुप्रीम कोर्ट के एक बड़े फैसले के बाद शिक्षामित्रों का सहायक अध्यापक पद पर समायोजन रद्द कर दिया गया था। उस वक्त योगी सरकार ने शिक्षामित्रों का मानदेय ₹3,500 से बढ़ाकर ₹10,000 प्रतिमाह किया था। उस बढ़ोतरी के बाद से आज तक यानी पूरे नौ साल तक मानदेय में एक रुपए की भी वृद्धि नहीं हुई। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के विधायक बार-बार यह मुद्दा विधानसभा में उठाते रहे, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। साल 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में शिक्षामित्रों की समस्या के समाधान का वादा किया था। अब जाकर उस वादे पर अमल होता दिख रहा है और शिक्षामित्रों को ₹8,000 तथा अनुदेशकों को भी ₹8,000 की बढ़ोतरी मिली है।

अब कितना मिलेगा मानदेय

जानकारी के मुताबिक इस बढ़ोतरी से उत्तर प्रदेश के 1 लाख 70 हजार शिक्षामित्र और 24 हजार अनुदेशक सीधे लाभान्वित होंगे। यानी कुल मिलाकर करीब 1 लाख 94 हजार से ज्यादा लोगों की जेब में हर महीने ज्यादा पैसा आएगा। शिक्षामित्रों का मानदेय ₹10,000 से बढ़कर सीधे ₹18,000 हो गया है, जबकि अनुदेशकों को अब ₹17,000 प्रतिमाह मिलेंगे। यह बढ़ोतरी 1 अप्रैल 2026 से लागू है, इसलिए अप्रैल की सैलरी में ही यह रकम मिलनी शुरू हो जाएगी। ऐसे में जो लोग महीनों से यह सोच रहे थे कि बढ़ोतरी होगी भी या नहीं, उनके लिए CM योगी का आज का ऐलान एक बड़ी तसल्ली लेकर आया है।

बीमारी में भी सरकार देगी साथ ₹5 लाख कैशलेस इलाज

ऐसे में सिर्फ मानदेय ही नहीं, सेहत को लेकर भी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। CM योगी ने आज अपने संबोधन में यह भी बताया कि शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और स्कूलों में काम करने वाली रसोईयों को अब ₹5 लाख रुपए तक का कैशलेस इलाज मिलेगा। यह सुविधा भी 1 अप्रैल 2026 से लागू हो चुकी है। इसका सीधा मतलब यह है कि अब किसी गंभीर बीमारी में इन्हें अपनी जेब से बड़ी रकम नहीं निकालनी होगी। सरकारी योजना के तहत अस्पताल में कैशलेस इलाज की यह सुविधा शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के लिए एक बड़ी राहत है, क्योंकि अब तक इस वर्ग के पास ऐसा कोई मजबूत स्वास्थ्य सुरक्षा कवच नहीं था।

आज का यह कार्यक्रम वाराणसी के शिवपुर स्थित एक परिषदीय विद्यालय में हुआ, जहां CM योगी ने स्कूल चलो अभियान की शुरुआत की। उन्होंने खुद बच्चों के कंधे पर बैग रखा और उन्हें किताबें व गिफ्ट दिए। इस मौके पर CM ने शिक्षकों को निर्देश दिया कि जो स्कूल के लिए सुबह 8 बजे निकलते हैं, वे अगले 15 दिनों तक 7 बजे निकलें और बच्चों के घर-घर जाकर दरवाजे पर दस्तक दें। शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे अभिभावकों को समझाएं कि सरकार बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च उठा रही है — कॉपी, किताब, खाना सब मुफ्त है। CM ने साफ कहा — “आप सिर्फ बच्चों की शिक्षा पर ध्यान दीजिए, बाकि का काम हमारी सरकार देख लेगी।”

शिक्षामित्रों का लंबा इंतजार हुआ समाप्त

गौरतलब है कि शिक्षामित्र और अनुदेशक बरसों से इस बात की मांग करते आ रहे थे कि उनका मानदेय बढ़ाया जाए। यह लड़ाई सिर्फ पैसों की नहीं थी, बल्कि सम्मान और सुरक्षा की भी थी। एक तरफ महंगाई बढ़ती रही और दूसरी तरफ मानदेय नौ साल तक वहीं का वहीं अटका रहा। आज जब CM योगी ने खुद मंच से यह कहा कि इसी महीने से बढ़ा हुआ पैसा मिलेगा, तो यह सिर्फ एक घोषणा नहीं बल्कि उन लाखों परिवारों के लिए राहत की खबर है जो इन शिक्षामित्रों और अनुदेशकों की कमाई पर निर्भर हैं। अब देखना यह होगा कि यह बढ़ा हुआ मानदेय समय पर खाते में आता है या नहीं  इस पर Shiksha Tak की नजर बनी रहेगी।